भोपाल में आवारा पशुओं के खिलाफ नगर निगम का अभियान जारी, 35 पशु पकड़े गए, 8 घायल पशुओं को भेजा गया चिकित्सालय

भोपाल। राजधानी भोपाल में सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को नगर निगम की गोवर्धन परियोजना शाखा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर 35 पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा, जबकि 8 बीमार एवं घायल पशुओं को उपचार के लिए आसरा पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया।

नगर निगम के अनुसार, अभियान के दौरान हाका पार्टी ने 15 पशुओं को सड़कों से हटाया, वहीं 20 पशुओं को अन्ना नगर कांजी हाउस से जीवदया गौशाला भेजा गया।

शहर के कई इलाकों में चला विशेष अभियान

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर यह अभियान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया। जिन प्रमुख स्थानों पर कार्रवाई की गई, उनमें गांधी चौराहा (भेल), स्मार्ट सिटी क्षेत्र, आईएसबीटी, होशंगाबाद रोड, कोलार रोड, चूना भट्टी, अशोका गार्डन, परिहार चौराहा, रायसेन रोड, प्रभात पेट्रोल पंप, रत्नागिरी, अयोध्या बायपास, भानपुर, करोंद चौराहा, नवीबाग, लांबाखेड़ा और अरेरा कॉलोनी शामिल हैं।

सड़क सुरक्षा और यातायात को ध्यान में रखकर कार्रवाई

नगर निगम के अनुसार, सड़कों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वतंत्र रूप से विचरण करने वाले पशु यातायात में बाधा बनने के साथ सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान पकड़े गए स्वस्थ पशुओं को कांजी हाउस भेजा गया, जबकि घायल और बीमार पशुओं को उपचार के लिए पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया।

अभियान रहेगा जारी

नगर निगम ने बताया कि शहर में आवारा पशुओं की समस्या पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे पशुओं को सार्वजनिक सड़कों पर खुला न छोड़ें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Exit mobile version