भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश रायफल संघ के तत्वावधान में इंदौर जिला रायफल संघ द्वारा आयोजित महाराजा तुकोजीराव पंवार ट्रॉफी इंदौर डिस्ट्रिक्ट एवं इंटर स्कूल निशानेबाजी प्रतियोगिता में इंदौर के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में 28 संस्थाओं के 725 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में वीर रायफल शूटिंग सोसायटी ने सर्वाधिक 52 पदक जीतकर सभी शूटिंग संस्थाओं में पहला स्थान हासिल किया। सोसायटी के निशानेबाजों ने 24 स्वर्ण, 14 रजत और 14 कांस्य पदक अपने नाम किए।
राज्य का पहला फायरआर्म प्रशिक्षण देने वाला क्लब
वीर रायफल शूटिंग सोसायटी के प्रमुख एवं कोच सतीश शर्मा ने बताया कि यह राज्य का पहला क्लब है, जो फायरआर्म प्रशिक्षण उपलब्ध कराता है। प्रतियोगिता में सोसायटी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान के लिए यह उपलब्धि हासिल की।
इन खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
राइफल वर्ग में कर्णिका मिठास, गीतांशी, प्रद्युम्न, आराध्य, कशिश और रशिका ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं पिस्टल वर्ग में विद्या शर्मा, प्रियांशी, कृष्णम, अजय श्रीवास्तव और कृष्णा ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पदक जीते।
कोच सतीश शर्मा ने सभी खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम इस प्रतियोगिता में देखने को मिला। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी सोसायटी के निशानेबाज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे।