भोपाल। प्रदेश के सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने के प्रस्ताव पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने चिंता जताई है। उन्होंने राज्य सरकार को पत्र लिखकर 31 मार्च 2027 तक कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने के प्रस्ताव पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। पटवारी ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश के 2 से 2.5 लाख परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस नियमित भर्ती का समर्थन करती है, लेकिन वर्षों से विभागों में काम कर रहे अनुभवी कर्मचारियों को बेरोजगार करना उचित नहीं है। स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा, पंचायत, लोक निर्माण और नगरीय प्रशासन जैसे विभागों में आउटसोर्स कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं। कोरोना काल में भी उन्होंने जिम्मेदारी से काम किया था।
उन्होंने मांग की कि सभी विभागों में आउटसोर्स कर्मचारियों का सर्वे कराया जाए। नियमित भर्ती में अनुभवी कर्मचारियों को प्राथमिकता देने के साथ आयु सीमा में छूट और उचित अवसर दिए जाएं। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने और चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति तक मौजूदा कर्मचारियों की नौकरी और वेतन सुरक्षित रखा जाए।
पटवारी ने चेतावनी दी कि सरकार ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा नहीं की तो कांग्रेस उनके अधिकारों के लिए आंदोलन करेगी।
