भोपाल एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था हुई और मजबूत, उन्नत कंट्रोल सेंटर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

भोपाल। राजधानी भोपाल के राजा भोज हवाई अड्डा पर यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में हवाई अड्डे पर स्थापित उन्नत सिक्योरिटी ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (SOCC) का निरीक्षण हवाई अड्डा निदेशक रामजी अवस्थी, सीआईएसएफ कमांडेंट अतुल भानोत्रा तथा एएआई एवं सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया।

नवीनतम तकनीकों से लैस यह उन्नत एसओसीसी हवाई अड्डे की सुरक्षा निगरानी को नई मजबूती प्रदान करेगा। केंद्र में 8 अत्याधुनिक ऑपरेटर कंसोल स्थापित किए गए हैं, जो एयरपोर्ट परिसर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी करते हैं। बड़ी एकीकृत डिस्प्ले स्क्रीन के माध्यम से सुरक्षा एजेंसियां एक साथ कई स्थानों पर नजर रख सकती हैं, जबकि स्मार्ट अलर्ट सिस्टम किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा उल्लंघन की स्थिति में तत्काल चेतावनी जारी करता है।

इस बीच, भोपाल से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E393 में एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने पर एयरपोर्ट प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। यात्री को स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित बाहर लाया गया और ग्राउंड ऑपरेशन टीम ने “फॉलो-मी सर्विस” के जरिए एम्बुलेंस को प्राथमिकता के साथ एस्कॉर्ट कर अस्पताल पहुंचाने में सहायता की।

भोपाल एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और परिचालन उत्कृष्टता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्नत सुरक्षा तंत्र और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली के माध्यम से एयरपोर्ट को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Exit mobile version