भोपाल। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में प्रस्तावित अधोसंरचनात्मक कार्यों के लिए घोषित प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, नॉन इंटरलॉकिंग और पोस्ट नॉन इंटरलॉकिंग कार्य को निरस्त कर दिया गया है। इसके चलते पूर्व में निरस्त की गई रानी कमलापति–संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस के फेरे अब बहाल कर दिए गए हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार बिलासपुर जंक्शन–चांपा जंक्शन रेलखंड पर प्रस्तावित संयुक्त कमीशनिंग कार्य स्थगित होने के कारण ट्रेनों के संचालन पर लगाया गया प्रतिबंध हटा लिया गया है। इससे भोपाल मंडल से संचालित होने वाली हमसफर एक्सप्रेस अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेगी।
10 और 11 जून को नियमित रूप से चलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 22169 रानी कमलापति–संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस, जिसे 10 जून 2026 को निरस्त किया गया था, अब अपने निर्धारित समय और मार्ग पर नियमित रूप से संचालित होगी।
ट्रेन संख्या 22170 संतरागाछी–रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस, जिसे 11 जून 2026 को निरस्त किया गया था, अब अपने निर्धारित समयानुसार चलेगी।
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
रेलवे द्वारा फेरे बहाल किए जाने से मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। जिन यात्रियों ने पूर्व निर्धारित तिथियों के लिए आरक्षण कराया है, वे अब बिना किसी बदलाव के अपनी यात्रा कर सकेंगे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य जांच लें और निर्धारित समय के अनुसार स्टेशन पर पहुंचें।
यात्रियों के लिए राहत: रानी कमलापति–संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस के निरस्त फेरे बहाल
