
रुड़की, उत्तराखंड। सोशल मीडिया पर एक दर्दनाक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक मोबाइल दुकानदार को बेरहमी से पीटा जाता दिख रहा है। यह घटना उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र अंतर्गत कलियर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। वीडियो में महज 20 सेकंड के भीतर युवक को करीब 28 बार डंडों से मारा गया, जिसे देखकर लोग दंग रह गए हैं।
वीडियो की भयावहता देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे यह किसी रोहित शेट्टी की एक्शन फिल्म का कोई सीन हो, जहां मार-धाड़ और क्रूरता अपने चरम पर हो। लेकिन अफसोस की बात यह है कि यह फिल्मी सीन नहीं, हकीकत है।
क्यों हुई पिटाई? पुलिस जांच में जुटी
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक मोबाइल की दुकान पर बैठा है, तभी कुछ लोग आते हैं और उसे घसीटकर बाहर निकालते हैं और डंडों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर देते हैं। दुकानदार गिड़गिड़ाता है, लेकिन हमलावर उस पर रहम नहीं दिखाते। पूरे घटनाक्रम को CCTV कैमरे में कैद किया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान हो गई है और कुछ संदिग्धों की भी पहचान की जा रही है। यह साफ नहीं हो पाया है कि हमले की वजह क्या थी, लेकिन कहा जा रहा है कि कोई पुरानी रंजिश या लेन-देन का विवाद इसका कारण हो सकता है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में रोष है। उनका कहना है कि दिनदहाड़े दुकान में घुसकर इस तरह की पिटाई पुलिस की नाकामी को दर्शाती है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।





