भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस 2026 का आयोजन, विज्ञान और विरासत संरक्षण की अनूठी प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र

आंचलिक विज्ञान केन्द्र में 18 मई को होंगे विज्ञान, पुरातत्व और खगोल विज्ञान से जुड़े विशेष कार्यक्रम

भोपाल। आंचलिक विज्ञान केन्द्र द्वारा 18 मई 2026 को “अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस 2026” का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस की थीम “Museums Uniting a Divided World” निर्धारित की गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य संग्रहालयों को समाज, शिक्षा, विज्ञान और सांस्कृतिक समन्वय के प्रभावी माध्यम के रूप में प्रस्तुत करना है।

इस अवसर पर भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के सहयोग से विशेष प्रदर्शनी और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को भूविज्ञान, पुरातत्व, विज्ञान और सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण की महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।

“खनिजों एवं शैलों की पहचान” प्रदर्शनी होगी खास आकर्षण

कार्यक्रम के दौरान भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण द्वारा “खनिजों एवं शैलों की पहचान” विषय पर विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें वैज्ञानिक डिमॉन्स्ट्रेशन किट के माध्यम से विभिन्न खनिजों और शैलों की पहचान की प्रक्रिया को रोचक तरीके से समझाया जाएगा। साथ ही पृथ्वी विज्ञान, खनिज अन्वेषण और भूवैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में GSI के योगदान को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

बटेश्वर मंदिर संरक्षण कार्य की झलक भी मिलेगी

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में प्राचीन स्मारकों, उत्खनन से प्राप्त अवशेषों और दुर्लभ छायाचित्रों को शामिल किया जाएगा।

विशेष रूप से बटेश्वर मंदिर में किए गए संरक्षण और जीर्णोद्धार कार्य प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

“Amazing Physics Experiments” और खगोल विज्ञान सत्र

कार्यक्रम के अंतर्गत “Amazing Physics Experiments” नामक नई प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया जाएगा। इसमें भौतिकी के विभिन्न सिद्धांतों को रोचक और सहभागितापूर्ण प्रयोगों के माध्यम से समझाया जाएगा। आगंतुकों के लिए “Try Yourself Zone” और “My Museum Experience” सेल्फी पॉइंट एवं फीडबैक वॉल भी बनाए जाएंगे।

इसके अलावा शाम 6 बजे से 8 बजे तक इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आकाश अवलोकन एवं खगोल विज्ञान सत्र आयोजित होगा। इसमें प्रतिभागियों को दूरबीन की सहायता से बृहस्पति, शुक्र ग्रह और चंद्रमा सहित विभिन्न खगोलीय पिंडों का अवलोकन कराया जाएगा।

कार्यक्रम 18 मई 2026 को सुबह 10 बजे से आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल परिसर में आयोजित किया जाएगा।

Exit mobile version