जिला पंचायत भोपाल को मिला प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड 2026, ‘टैक्स सखी’ नवाचार की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना

भोपाल, 21 जून। जिला पंचायत भोपाल को कर जागरूकता और कर संग्रहण को बढ़ावा देने के क्षेत्र में किए गए नवाचार के लिए प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में जिला पंचायत को यह सम्मान ‘टैक्स सखी इनोवेटिव ऑन टैक्सेशन’ पहल के लिए प्रदान किया गया।

यह उपलब्धि जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में संचालित इस नवाचार का परिणाम है। अवार्ड जिला पंचायत की ओर से शिवानी मिश्रा, देवेश सराठे (सीईओ, जनपद पंचायत) और रेखा पाण्डेय (जिला परियोजना प्रबंधक, एसआरएलएम) ने ग्रहण किया।

‘टैक्स सखी इनोवेटिव ऑन टैक्सेशन’ पहल के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में कर के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कर भुगतान को प्रोत्साहित करने और स्थानीय स्तर पर राजस्व सुदृढ़ीकरण के लिए प्रभावी प्रयास किए गए। इन कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली और इसी आधार पर जिला पंचायत भोपाल को स्कॉच अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया।

जिला पंचायत अधिकारियों के अनुसार यह सम्मान जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी के निरंतर प्रयासों, बेहतर मार्गदर्शन और पूरी टीम के समन्वित कार्य का परिणाम है।

इस उपलब्धि पर जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि टीम के सामूहिक प्रयासों से ही ऐसे नवाचारों को सफलता मिलती है। उन्होंने भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Exit mobile version