World

छोटा सा जीव मार सकता है 26 स्वस्थ लोगों को

लंदन । आज हम एक ऐसे ही जीव की बात करेंगे, जो देखने में खूबसूरत है, छोटा सा है लेकिन इसका ज़हर साइनाइड से भी तेज़ है। अगर आप सांप को सबसे ज़हरीला मानते हैं, तो चलिए आज आपको एक ऐसे छोटे से जीव के बारे में बताते हैं, जो अपने आपमें इतना ज़हर समेटे है कि 26 स्वस्थ लोगों को मार सकता है।
ऑक्टोपस के बारे में तो हम सभी जानते हैं लेकिन ब्लू रिंग्ड ऑक्टोपस इसकी ऐसी प्रजाति है, जिसके ज़हर से एक इंसान 20 मिनट के अंदर इस दुनिया से विदा हो सकता है। इस जीव का एक वीडियो इस वक्त वायरल हो रहा है, जिसमें उसे चमकदार नीले रंग के रिंग्स के साथ समुद्र में तैरते देखा जा सकता है। लेविस पुग फाउंडेशन की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ये वीडियो शेयर किया गया है। इसके कैप्शन में बताया गया है कि इस ऑक्टोपस के ज़हर से इंसान 20 मिनट के अंदर मर सकता है। हालांकि ये अपना ज़हर सिर्फ आत्मरक्षा में ही छोड़ता है। आमतौर पर ये केकड़े जैसे समुद्री जीवों को खाता है। नीले घेरे वाले इस ऑक्टोपस के जहर में टेट्रोडोटॉक्सिन पाया जाता है, जो एक शक्तिशाली न्यूरोटॉक्सिन है।
ये इंसानों के शरीर के लिए साइनाइड की तुलना में एक हजार गुना ज्यादा पावरफुल होता है। टेट्रोडोटॉक्सिन पहली बार फर फिश में खोजा गया था। वैसे ये कई और जीवों में भी होता है लेकिन ब्लू रिंग्ड ऑक्टोपस में इसका स्तर काफी ज्यादा होता है। मालूम हो कि किसी भी जानवर के साइज़ पर नहीं जाना चाहिए, उसके अंदर कितना और कितना तेज़ ज़हर होगा ये हमें पता नहीं होता। खासतौर पर अगर समुद्री जीवों की बात करें, तो कोई नहीं जानता कि कौन सा जीव कितना ज़हरीला होगा।

Related Articles