Uncategorized

भोपाल में जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी समीर उर्फ भन्ना पर दर्ज हैं 25 अपराध

भोपाल। निशातपुरा थाना पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी समीर उर्फ भन्ना भी शामिल है, जिसके खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में पहले से 25 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई पुलिस आयुक्त भोपाल श्री संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री शैलेन्द्र सिंह के निर्देश तथा पुलिस उपायुक्त जोन-4 श्री आदर्शकांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-4 श्री संजीव पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त श्री अक्षय चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निशातपुरा निरीक्षक मनोज पटवा के नेतृत्व में की गई।

पुरानी रंजिश में चाकू से हमला करने का आरोप

पुलिस के अनुसार फरियादी शाहरुख उर्फ भूरा निवासी देवकी नगर करोंद ने थाना निशातपुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 जून 2026 की रात पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी समीर उर्फ भन्ना, रिहान, सदफ और शादाब उसके घर पहुंचे थे और हथियार दिखाकर विवाद किया था।

इसके बाद जब फरियादी अपने दोस्त आमिर उर्फ अम्मू के साथ रात करीब 1 बजे गैस राहत कॉलोनी की ओर जा रहा था, तभी समीर उर्फ भन्ना के घर के बाहर आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि गाली-गलौज करने के बाद आमिर को जमीन पर गिराकर चाकुओं से कई वार किए गए। बीच-बचाव करने पहुंचे शाहरुख के हाथ में भी चोट आई।

मामले में थाना निशातपुरा में अपराध क्रमांक 554/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच से गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने घटना के बाद कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर फरार चल रहे तीन आरोपियों को 26 जून 2026 को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

1. समीर उर्फ भन्ना पिता सईद उर्फ शहीद, उम्र 27 वर्ष
2. रेहान खान पिता करीम खान, उम्र 18 वर्ष
3. सदफ पिता सईद उर्फ शहीद, उम्र 33 वर्ष

तीनों आरोपी गैस राहत कॉलोनी, करोंद, भोपाल निवासी बताए गए हैं।

क्षेत्र में निकाला आरोपियों का जुलूस

पुलिस के अनुसार अपराधियों में भय समाप्त करने और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से गिरफ्तार आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकाला गया। पुलिस आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस टीम की भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज पटवा, उप निरीक्षक कमलेश चौहान, उप निरीक्षक करण सिंह देलमिया, सहायक उप निरीक्षक सत्येंद्र चौबे सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles