पाकिस्तानी सेना पर 24 घंटे में दूसरा हमला: बलूच विद्रोहियों ने रिमोट से उड़ाई सेना की गाड़ी, 7 जवानों के मारे जाने का दावा

लाहौर । पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते 24 घंटे के भीतर पाकिस्तानी सेना पर बलूच विद्रोहियों ने दूसरा बड़ा हमला किया है। ताज़ा हमला बोलान ज़िले के माछकुंड क्षेत्र में हुआ, जहां बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) की स्पेशल टेक्टिकल ऑपरेशंस स्क्वैड ने एक घातक साजिश को अंजाम दिया।

विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना के वाहन को रिमोट कंट्रोल विस्फोटक से निशाना बनाकर उड़ा दिया। बलूच लिबरेशन आर्मी ने दावा किया है कि इस हमले में पाकिस्तान के सात सैनिक मारे गए हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान पहले से ही बलूचिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है।

BLA की ओर से जारी बयान के मुताबिक, यह ऑपरेशन माछकुंड में एक योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया और इसे उनकी स्पेशल टेक्टिकल यूनिट ने अंजाम दिया। यह हमला पाकिस्तान की सेना की बढ़ती मौजूदगी और बलूच लोगों पर कथित अत्याचार के जवाब में बताया जा रहा है।

सरकारी स्तर पर अब तक इस हमले की पुष्टि या हताहतों की संख्या की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सोशल मीडिया और स्वतंत्र स्रोतों से मिल रही जानकारी इस दावे को बल दे रही है।

यह लगातार दूसरा हमला है जिसने पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा और बलूचिस्तान में बढ़ते असंतोष को उजागर किया है। बलूच लिबरेशन आर्मी का यह दुस्साहसिक हमला न केवल पाकिस्तानी सेना के लिए चुनौती है, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता के लिए भी गंभीर संकेत देता है।

Exit mobile version