रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, कुमाऊं-गढ़वाल को मिली पहली सीधी रेल सेवा

भोपाल/नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस की पहली सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के बीच पहली सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू हो गई। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
रेल मंत्री ने कहा कि यह ट्रेन लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थी और इसके शुरू होने से दोनों क्षेत्रों के बीच तेज, सुविधाजनक और विश्वसनीय रेल संपर्क उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। ट्रेन संख्या 15310 रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 15309 देहरादून से दोपहर 3:55 बजे चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें एसी सेकेंड, एसी थर्ड, एसी चेयर कार, स्लीपर, सेकेंड सिटिंग और जनरल श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे।
रेल मंत्री ने कहा कि इस सेवा से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और बिजनौर के यात्रियों को लाभ मिलेगा। साथ ही जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान, गिरिजा देवी मंदिर तथा चारधाम यात्रा मार्ग तक पहुंच भी अधिक सुविधाजनक होगी।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें देहरादून, हरिद्वार जंक्शन, हर्रावाला, काशीपुर जंक्शन, किच्छा, कोटद्वार, रुड़की, काठगोदाम, लालकुआं जंक्शन, रामनगर और टनकपुर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस राज्य में रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है, जो उत्तराखंड के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड को रेलवे के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया गया है, जबकि राज्य में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।





