MP में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक सप्ताह में 5.41 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त


भ



ोपाल, 26 अगस्त 2026। मध्य प्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ पिछले एक सप्ताह में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा, गांजा, स्मैक और चरस समेत करीब 5 करोड़ 41 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य संपत्ति जब्त की गई है। कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में की गई।
रतलाम में 3 करोड़ से ज्यादा की जब्ती
रतलाम में कालूखेड़ा पुलिस ने 2.495 किलोग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी में इस्तेमाल हुंडई क्रेटा कार जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.70 करोड़ रुपये बताई गई है। बिलपांक पुलिस ने 106.47 किलोग्राम डोडाचूरा से भरा कंटेनर जब्त किया।
जावरा शहर पुलिस ने पांच आरोपियों से 28.46 ग्राम एमडी ड्रग्स और मोटरसाइकिल, जबकि पिपलौदा पुलिस ने 20 ग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की। पुलिस के अनुसार रतलाम जिले में कुल जब्ती करीब 3.04 करोड़ रुपये से अधिक की है।
छिंदवाड़ा में 320 किलो से ज्यादा गांजा जब्त
छिंदवाड़ा पुलिस ने तेंदनीमाल मेन हाईवे पर नाकाबंदी कर एक कंटेनर और टाटा सफारी से करीब 320.8 किलोग्राम गांजा बरामद किया। कार्रवाई में एक लोडेड पिस्टल, पांच कारतूस, आठ मोबाइल और 24,090 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये बताई गई है।
नीमच में 58 लाख से ज्यादा के मादक पदार्थ जब्त
नीमच पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर कुल 325.140 किलोग्राम डोडाचूरा समेत अन्य मादक पदार्थ जब्त किए। सिंगोली, मनासा, नीमच सिटी और जावद थाना क्षेत्रों की कार्रवाइयों में करीब 58.50 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और संपत्ति जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
उज्जैन से 53 किलो गांजा बरामद
उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने 53.372 किलोग्राम गांजा, बिना नंबर की कार और 5,300 रुपये नकद जब्त किए। पुलिस के मुताबिक जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अन्य जिलों में भी कार्रवाई
– जबलपुर: 23.845 किलोग्राम गांजा और करीब 11.92 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
– बालाघाट: 22.290 किलोग्राम गांजा, अनुमानित कीमत 11.14 लाख रुपये; दो आरोपी गिरफ्तार।
– नरसिंहपुर: 65.20 ग्राम स्मैक, कीमत करीब 7 लाख रुपये, जब्त।
– ग्वालियर: 57.600 किलोग्राम गांजा और बोलेरो वाहन जब्त।
– इंदौर: 502 ग्राम चरस, मोटरसाइकिल और अन्य सामग्री सहित करीब 6 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
– पन्ना: 4.135 किलोग्राम गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत करीब 2.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
– कटनी: अलग-अलग कार्रवाइयों में गांजा जब्त कर आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई।
– मंदसौर: अलग-अलग मामलों में 67.38 किलोग्राम और 100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई।
पुलिस के अनुसार सभी मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। मध्य प्रदेश पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क, परिवहन में इस्तेमाल वाहनों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





