Uncategorized

डिपो चौराहे से जहांगीराबाद तक मेट्रो का रास्ता साफ, पुरानी विधानसभा क्षेत्र में दुकानों को हटाने का काम शुरू

भो पाल। डिपो चौराहे से जहांगीराबाद तक मेट्रो रेल लाइन के निर्माण में आ रही बाधाओं को हटाने की कार्रवाई शुक्रवार से शुरू हो गई। पुरानी विधानसभा क्षेत्र के मालवीय नगर में मेट्रो लाइन के रास्ते में आने वाली 37 दुकानों को हटाया जाना है। प्रशासन, नगर निगम और मेट्रो प्रबंधन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों से दुकानें खाली करने की समझाइश दी।

अधिकारियों की समझाइश के बाद दुकानदारों ने प्रशासन का सहयोग करते हुए अपनी दुकानें खुद हटाना शुरू कर दिया। दुकानदारों ने पहले कंप्यूटर, फोटो कॉपी मशीन, फर्नीचर और अन्य सामान बाहर निकाला। इसके बाद मजदूरों की मदद से दुकानों को तोड़ने का काम शुरू किया गया। शुक्रवार को करीब 12 दुकानें हटाई जा चुकी थीं।

मुआवजा मिल चुका, जल्द हटेंगी बाकी दुकानें

एसडीएम शहर वृत्त दीपक पांडेय ने बताया कि दुकानदारों को मुआवजा दिया जा चुका है। आगामी दिनों में शेष 25 दुकानों को भी हटाया जाएगा। दुकानों के हटने के बाद डिपो चौराहे से जहांगीराबाद तक मेट्रो ट्रैक निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ सकेगा।

प्रशासन के अनुसार, मेट्रो परियोजना के निर्माण में आ रही अन्य बाधाओं को भी चरणबद्ध तरीके से दूर किया जा रहा है, ताकि निर्धारित हिस्से में निर्माण कार्य को गति दी जा सके।

Related Articles