भोपाल: विद्यालयों में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

भोपाल। विंध्य शिक्षा प्रचार समिति द्वारा संचालित राष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान-2026 के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर मालाखेड़ी और शासकीय हाई स्कूल, रसूलिया में विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं योग विशेषज्ञ डॉ. आर.एच. लता ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग, अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
रायपुर मालाखेड़ी विद्यालय के प्राचार्य बी.पी. पठारिया ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। वहीं रसूलिया स्कूल की प्राचार्य अनुपमा राय ने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अनुशासित और स्वस्थ जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में समाजसेवी डॉ. श्वेता श्रीवास्त्री ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नशामुक्त भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब समाज का हर व्यक्ति इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए।
इस अवसर पर ललित गौर, चंद्रभानु चौहान, सिद्धार्थ चौहान, नितिन लोखंडे, कौस्तुभ पाठक और मनीष शिंदे सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।





