टिकट जांच कार्य में ऐतिहासिक कीर्तिमान: महेश लिंगायत ने 2025 में एक करोड़ रुपये से अधिक राजस्व अर्जित कर रचा इतिहास

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में टिकट जांच के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के कुशल नेतृत्व में टिकट चेकिंग स्टाफ लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। इसी क्रम में इटारसी डिपो में पदस्थ उप मुख्य टिकट निरीक्षक महेश लिंगायत ने वर्ष 2025 में टिकट जांच कार्य के माध्यम से एक करोड़ रुपये से अधिक राजस्व अर्जित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
रेलवे प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी 2025 से 26 दिसंबर 2025 की अवधि के दौरान श्री लिंगायत द्वारा कुल 14,195 मामलों में बिना टिकट या अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया। इस कार्रवाई से रेलवे को ₹1,00,96,705/- (एक करोड़ से अधिक) का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल भोपाल मंडल बल्कि पूरे पश्चिम मध्य रेलवे के लिए गौरव का विषय है।
उल्लेखनीय है कि महेश लिंगायत जनवरी 2014 से टिकट जांच स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं। अपने लंबे सेवा काल में वे अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुकरणीय कार्यशैली के लिए सदैव प्रशंसा के पात्र रहे हैं। वर्ष 2025 में एक करोड़ रुपये से अधिक राजस्व अर्जित करने वाले वे पश्चिम मध्य रेलवे के पहले टिकट जांच कर्मचारी बन गए हैं।
उनकी इस उपलब्धि से इटारसी डिपो और भोपाल मंडल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। रेलवे प्रशासन का मानना है कि श्री लिंगायत की सफलता अन्य टिकट जांच कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी और राजस्व वृद्धि के साथ-साथ अनुशासित रेल यात्रा को भी बढ़ावा देगी।
भोपाल मंडल प्रशासन द्वारा श्री महेश लिंगायत को इस असाधारण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है।



