फ्रेयर एनर्जी ने लॉन्च किए स्मार्ट सोलर इनवर्टर, 97.8% दक्षता का दावा

हैदराबाद, 19 अगस्त 2026। रेसिडेंशियल रूफटॉप सोलर कंपनी फ्रेयर एनर्जी ने स्मार्ट सोलर इनवर्टर्स की नई रेंज लॉन्च की है। कंपनी के मुताबिक, नए इनवर्टर भारतीय घरों की जरूरतों और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। इनमें सिलिकॉन कार्बाइड (SiC) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
कंपनी ने 3 किलोवाट और 5 किलोवाट के सिंगल-फेज इनवर्टर पेश किए हैं। इनकी कन्वर्जन दक्षता 97.8 प्रतिशत तक होने का दावा किया गया है। इनवर्टर सोलर पैनलों से मिलने वाली डीसी बिजली को 230 वोल्ट सिंगल-फेज एसी बिजली में बदलने का काम करेगा।
मोबाइल ऐप से मिलेगी रियल टाइम जानकारी
इन इनवर्टर्स में वाई-फाई और ब्लूटूथ कनेक्टिविटी दी गई है। उपभोक्ता फ्रेयर एनर्जी के सोलर ऐप के जरिए बिजली उत्पादन और सिस्टम के प्रदर्शन की रियल टाइम निगरानी कर सकेंगे। कंपनी के अनुसार, इनवर्टर में MPPT तकनीक भी है, जो मौसम और धूप में बदलाव के बावजूद सोलर पैनलों से अधिकतम ऊर्जा प्राप्त करने में मदद करती है।
इनवर्टर्स में IP65 सुरक्षा, शॉर्ट-सर्किट, ओवरलोड, ओवरहीटिंग और वोल्टेज सर्ज से बचाव के लिए सुरक्षा तंत्र दिया गया है। कंपनी ने MNRE अनुमोदन और BIS प्रमाणन के साथ 10 साल की वारंटी देने की भी जानकारी दी है।
धूल से बचाव के लिए सेल्फ-क्लीनिंग तकनीक
फ्रेयर एनर्जी के अनुसार, इनवर्टर में डस्ट-रेसिस्टेंट डिजाइन और सेल्फ-क्लीनिंग तकनीक दी गई है। इसका उद्देश्य धूल जमने को कम करना और कम रखरखाव में लगातार प्रदर्शन बनाए रखना है।
फ्रेयर एनर्जी की सह-संस्थापक एवं निदेशक राधिका चौधरी ने कहा कि देश में रूफटॉप सोलर की मांग बढ़ रही है और ग्राहक अधिक बेहतर बैकअप तथा ऊर्जा दक्षता वाले सिस्टम चाहते हैं। उन्होंने कहा कि नए इनवर्टर ऊर्जा नुकसान और निगरानी से जुड़ी समस्याओं को कम करने के उद्देश्य से विकसित किए गए हैं।
बढ़ रहा है रूफटॉप सोलर का बाजार
कंपनी के अनुसार, भारत में रूफटॉप सोलर की मांग बढ़ने के पीछे बिजली की बढ़ती जरूरत, उपभोक्ताओं में जागरूकता और पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना जैसी सरकारी पहल प्रमुख कारण हैं। कंपनी का कहना है कि वह तकनीक आधारित सोलर समाधान के जरिए घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने में मदद करने पर ध्यान दे रही है।




