दतिया उपचुनाव: भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर सरकार की उपलब्धियां बताएं – डॉ. महेंद्र सिंह

दतिया/भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने शनिवार को दतिया जिला कार्यालय में दतिया विधानसभा के मंडलों और शक्ति केंद्रों के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान चलाकर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने तथा पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन और आशीर्वाद मांगने का आह्वान किया।
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि दतिया विधानसभा क्षेत्र का कोई भी घर ऐसा नहीं रहना चाहिए, जहां भाजपा कार्यकर्ता न पहुंचें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हर बूथ को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ जनसंपर्क करें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों के कार्यकाल में दतिया को नई पहचान मिली है और क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए हैं। उनके अनुसार, यह उपचुनाव क्षेत्र के विकास से जुड़ा चुनाव है और भाजपा सभी वर्गों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में डॉ. महेंद्र सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी साधारण कार्यकर्ताओं को भी अवसर देती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए पार्टी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का आग्रह किया।
बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, राव उदयप्रताप सिंह, नरेंद्र शिवाजी पटेल तथा पूर्व मंत्री एवं चुनाव अभियान प्रमुख अरविंद सिंह भदौरिया सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





