आशीर्वाद महिला गृह निर्माण समिति के चुनाव को लेकर विवाद, सदस्यों ने निष्पक्ष पुनः निर्वाचन की मांग की

भोपाल। नाथू बरखेड़ा-नीलबड़ स्थित आशीर्वाद महिला गृह निर्माण समिति के निर्वाचन को लेकर सदस्यों में भारी असंतोष है। प्लॉट धारकों और रहवासियों ने निर्वाचन अधिकारी पर बिना सूचना दिए चुनाव कराने और पक्षपातपूर्ण तरीके से निर्विरोध निर्वाचन कराने का आरोप लगाया है। सदस्यों ने चुनाव की निष्पक्ष जांच कराकर दोबारा निर्वाचन कराने की मांग की है।
23 अगस्त को आशीर्वाद नगर कॉलोनी में संघर्ष समिति के अध्यक्ष अरुण वर्मा की अध्यक्षता में प्लॉट धारकों और रहवासियों की बैठक हुई। बैठक में सदस्यों ने आरोप लगाया कि निर्वाचन अधिकारी सपना गुहा द्वारा चुनाव प्रक्रिया की पर्याप्त सूचना सदस्यों को नहीं दी गई। उनका कहना है कि नियमानुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं की गई और सदस्यों की जानकारी के बिना निर्विरोध निर्वाचन करा दिया गया।
सदस्यों ने आरोप लगाया कि समिति में पिछले करीब 20 वर्षों से कॉलोनी के विकास कार्य नहीं हुए हैं, जबकि प्लॉट धारकों से विकास राशि ली जा चुकी है। विकास और चुनाव की मांग को लेकर सदस्य लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। वर्षों तक चुनाव नहीं होने के कारण समिति भंग हुई और अलग-अलग समय पर प्रशासक नियुक्त किए गए। बाद में प्रशासक ने निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति की।
बैठक में अजय लवानिया, धवल अग्रवाल, रानी जायसवाल, राजेंद्र सेन, अश्वनी तोमर, सुरेंद्र रावत, कमला तगड़े, सुरेश शर्मा, चंद्रकांत पाल, प्रिया तगड़े, सुमित तगड़े, मनोज वर्मा, दिनेश नापित, विनोद मिश्रा, अरुण मिश्रा, सूरज प्रजापति, दिनेश गौतम, शैलेंद्र शुक्ला और संदीप दुबे सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
सदस्यों ने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और पुनः चुनाव कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ आयुक्त से शिकायत की जाएगी।




