Uncategorized

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समयसीमा में करें निराकरण, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: एडीएम सुमित पांडे

भोपाल, 27 जुलाई। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में अपर कलेक्टर (एडीएम) सुमित कुमार पांडे (आईएएस) और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की।

बैठक में एडीएम सुमित कुमार पांडे ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय-सीमा से बाहर लंबित सभी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निपटारे में लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन जवाबदेही का महत्वपूर्ण माध्यम

बैठक में कहा गया कि सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि नागरिकों और प्रशासन के बीच जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक विभाग नियमित रूप से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करे और शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करे।

जल जीवन मिशन और सिकल सेल अभियान की समीक्षा

जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने बैठक में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन और जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की।

उन्होंने भानपुर-केकड़िया क्षेत्र में सिकल सेल जांच शिविर आयोजित करने, आनुवंशिक परामर्श (जेनेटिक काउंसलिंग), जेनेटिक स्टेटस कार्ड वितरण और जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग को निर्देशित किया गया कि जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन योजनाओं को समय पर पूरा कर हर घर तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा मानसून के दौरान जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।

Related Articles