भोपाल मेट्रो यात्रियों के लिए बड़ी राहत: अब रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर हर 15 मिनट में मिलेगी ट्रेन

भोपाल, 6 अगस्त। भोपाल मेट्रो ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाते हुए रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर नई समय-सारणी लागू कर दी है। अब इन दिनों मेट्रो हर 15 मिनट के अंतराल पर चलेगी। साथ ही, मेट्रो सेवा का संचालन एक घंटे अतिरिक्त किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर सुभाष नगर स्टेशन से एम्स के लिए अंतिम मेट्रो शाम 7:30 बजे रवाना होगी, जबकि एम्स से सुभाष नगर के लिए अंतिम ट्रेन रात 8:00 बजे चलेगी। इससे यात्रियों को कम इंतजार करना पड़ेगा और शाम के समय भी बेहतर मेट्रो सुविधा मिलेगी।
कार्यदिवसों में मेट्रो का संचालन पहले की तरह जारी रहेगा। पीक आवर्स में सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे तक और शाम 5:30 बजे से 7:00 बजे तक हर 15 मिनट में ट्रेन उपलब्ध रहेगी। वहीं, नॉन-पीक आवर्स में मेट्रो निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित होगी।
डिजिटल टिकटिंग से आसान और कैशलेस यात्रा
भोपाल मेट्रो में ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (AFC) प्रणाली पहले से लागू है। यात्री एमपी मेट्रो मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल टिकट बुक कर सकते हैं। भुगतान के लिए यूपीआई, क्यूआर कोड, ई-वॉलेट और मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध है, जिससे यात्रा पूरी तरह कैशलेस और सुविधाजनक बन गई है।
ई-वॉलेट रिचार्ज पर मिलेगा बोनस
यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग अपनाने के लिए एमपीएमआरसीएल ने आकर्षक डिस्काउंट पॉलिसी लागू की है।
– रिटर्न टिकट पर 5% छूट
– ग्रुप टिकट पर 10% छूट
– ई-वॉलेट रिचार्ज पर 8% से 15% तक बोनस
बोनस इस प्रकार मिलेगा:
– ₹200–₹499 रिचार्ज पर 8% बोनस
– ₹500–₹999 पर 10% बोनस
– ₹1000–₹1499 पर 12% बोनस
– ₹1500–₹2000 पर 15% बोनस
मेट्रो प्रबंधन का कहना है कि अत्याधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली के सफल संचालन और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह नई व्यवस्था लागू की गई है, जिससे लोगों को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।





