भोपाल: नायब तहसीलदार पर महिला ने फेंकी स्याही, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज

भोपाल। राजधानी के बैरागढ़ वृत्त कार्यालय में मंगलवार को एक अप्रत्याशित घटना ने प्रशासनिक महकमे को झकझोर कर रख दिया। नायब तहसीलदार रतिराम अहिरवार पर एक महिला द्वारा स्याही फेंके जाने की घटना सामने आई है। महिला की पहचान उपासना जौहरी के रूप में हुई है, जिसने तहसीलदार के चेहरे पर इंक पेन से नीली स्याही फेंकी, जिससे उनके कपड़े खराब हो गए।
घटना के दौरान तहसील कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कुछ शासकीय दस्तावेज भी स्याही से खराब हो गए। इस पूरे मामले की सूचना तत्काल कोहेफिजा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बाद में नायब तहसीलदार रतिराम अहिरवार एवं अन्य राजस्व कर्मचारी भी थाने पहुंचे।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और शासकीय अधिकारी से अभद्रता करने का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई क्यों की गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और महिला से पूछताछ की जा रही है।
जनता की नाराजगी या व्यक्तिगत विवाद?
हाल के समय में राजधानी भोपाल में प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आम नागरिकों की नाराजगी की खबरें बढ़ती जा रही हैं। बैरागढ़ की यह घटना भी इसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मामले की तह तक पहुंचने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, और जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी।





