एम्स भोपाल में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 उत्साह के साथ मनाया गया, 600 से अधिक प्रतिभागियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, चिकित्सकों, छात्रों और नागरिकों ने लिया भाग
भोपाल। (एम्स भोपाल) में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 उत्साह, ऊर्जा और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन एम्स भोपाल के आयुष विभाग द्वारा किया गया। सुबह 7 बजे से 8 बजे तक कॉमन योग प्रोटोकॉल (Common Yoga Protocol-CYP) के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें करीब 600 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अधिकारियों, चिकित्सकों और विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास
योग दिवस कार्यक्रम में एम्स भोपाल के अधिकारी, संकाय सदस्य, चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, छात्र-छात्राएं, योग साधक और आम नागरिक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण योग फॉर्मेशन प्रस्तुति रही। योग साधकों ने विभिन्न योग आकृतियों के माध्यम से स्वास्थ्य, एकता और समग्र कल्याण का संदेश दिया। इसके साथ ही योग विशेषज्ञों द्वारा उन्नत योग का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें योग की क्षमता, अनुशासन और नियमित अभ्यास के महत्व को प्रदर्शित किया गया।
प्रो. (डॉ.) माधवानंद कर ने योग को बताया संपूर्ण जीवन पद्धति
इस अवसर पर एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) , उप निदेशक (प्रशासन) संदेश जैन, डीन (अकादमिक) प्रो. (डॉ.) रजनीश जोशी और चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) विकास गुप्ता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रो. (डॉ.) माधवानंद कर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के साथ-साथ जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। एम्स भोपाल के आयुष विभाग द्वारा आयोजित यह आयोजन समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य संवर्धन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।