भोपाल। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2025 के अवसर पर आंचलिक विज्ञान केंद्र, भोपाल द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देश की तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित करना और युवा पीढ़ी में नवाचार एवं अनुसंधान की संस्कृति को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम 14 मई 2025 को आयोजित किया जाएगा और इसमें MANIT भोपाल तथा IISER भोपाल का सहयोग प्रमुख रूप से रहेगा।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषता एक विशेष प्रौद्योगिकी प्रदर्शन कॉर्नर (Technology Exhibition Corner) होगी, जिसमें MANIT और IISER के विभिन्न विभागों द्वारा उन्नत तकनीकी परियोजनाएं, नवाचार और शोध कार्य प्रस्तुत किए जाएंगे। यह कॉर्नर विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और तकनीकी क्षेत्र के उत्साही लोगों के लिए रियल-टाइम इनोवेशन और रिसर्च मॉडल्स को देखने और समझने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन 14 मई 2025 को प्रातः 11 बजे NITTTR भोपाल के निदेशक प्रो. चंद्र चारु त्रिपाठी के करकमलों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञ, शिक्षाविद, छात्र और प्रौद्योगिकी क्षेत्र से जुड़े नवोन्मेषी भाग लेंगे।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस हर साल देश की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए मनाया जाता है। इस वर्ष आंचलिक विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम भोपाल के तकनीकी संस्थानों के बीच नवाचार सहयोग को भी दर्शाएगा।
भोपाल में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2025 पर आंचलिक विज्ञान केंद्र का आयोजन, MANIT और IISER के साथ मिलकर तकनीकी नवाचारों की झलक
