पार्टी नेतृत्व के लिए कार्यकर्ता सर्वोपरि, उनकी सहभागिता ही संगठन की मूल शक्ति : गोविंद सिंह राजपूत

भाजपा कार्यालय में खाद्य मंत्री ने सुनी कार्यकर्ताओं की समस्याएं, मौके पर किया समाधान
भोपाल। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। संगठन द्वारा शुरू की गई नई पहल के तहत अब सोमवार से शुक्रवार तक एक-एक मंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य मंत्री ने कार्यकर्ताओं की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
कार्यकर्ता-केंद्रित पहल की सराहना
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इस पहल को संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अच्छी और दूरदर्शी शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता वल्लभ भवन, निवास या क्षेत्र तक हर जगह मंत्री से नहीं मिल पाते, लेकिन भाजपा मुख्यालय पर अब उन्हें कम से कम एक मंत्री उपलब्ध रहेगा, जहां वे अपनी बात रख सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं हर सोमवार और गुरुवार को सागर में कार्यकर्ताओं और आमजन से नियमित संवाद करते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की दूरदर्शी पहल
श्री राजपूत ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सशक्त और संवेदनशील बनाने के लिए यह कार्यकर्ता-केन्द्रित पहल की है। पार्टी की रीढ़ माने जाने वाले देवतुल्य कार्यकर्ताओं की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से मंत्रियों को सीधे संवाद के लिए उपलब्ध कराया गया है।
संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी, जिससे योजनाओं और नीतियों का लाभ जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचेगा। कार्यकर्ताओं को सीधे मंत्रियों से संवाद का अवसर मिलने से समस्याओं के समाधान में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
संगठन गढ़ने का प्रभावी मॉडल
खाद्य मंत्री ने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर निरंतर फॉलोअप किया जाएगा। यह पहल संगठनात्मक अनुशासन, विश्वास और समर्पण की संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के मनोबल और आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देने वाला प्रभावी मॉडल साबित होगी।



