State

भोपाल में महिला गैंग का पर्दाफाश, भीड़ में मंगलसूत्र छीनने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

भोपाल। अयोध्यानगर थाना पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं से ज्वेलरी छीनने और घरों में काम करने के बहाने चोरी करने वाली महिला गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर करीब 2 लाख रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। दोनों आरोपी महिलाएं महाराष्ट्र के शेगांव की रहने वाली हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं भीड़ वाले बाजार, हाट और धार्मिक आयोजनों में महिलाओं को निशाना बनाती थीं। इसके अलावा पॉश कॉलोनियों में घरों में काम करने के बहाने चोरी करने की वारदात भी करने की जानकारी सामने आई है।

भीड़ में धक्का देकर छीना मंगलसूत्र

घटना 19 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे अयोध्यानगर के मंगल मार्केट में हुई। इको ग्रीन सिटी निवासी 53 वर्षीय राधा अहिरवार सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान दो महिलाओं ने योजनाबद्ध तरीके से उन्हें आगे-पीछे से धक्का देकर गिरा दिया। भीड़ का फायदा उठाकर दोनों ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और भागने लगीं।

महिला के शोर मचाने पर ड्यूटी में तैनात पुलिस टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने लोगों की मदद से भाग रही दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से छीना गया मंगलसूत्र बरामद हो गया।

15 ग्राम का मंगलसूत्र बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयश्री अनिल सोनोने (30) और अरुणा संदीप (35), दोनों निवासी पंचशील नगर, शेगांव, जिला बुलढाणा, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाएं घरों में झाड़ू-पोंछा करने का काम करती हैं।

पुलिस गैंग के अन्य मामलों की जांच कर रही

दोनों महिलाओं के खिलाफ अयोध्यानगर थाने में अपराध क्रमांक 418/26 के तहत बीएनएस की धारा 309(2), 3(5) में प्रकरण दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य वारदातों में शामिल होने और किसी गैंग से संबंध की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर भीड़भाड़ वाले स्थानों में चोरी और लूट करने वाले आरोपियों के खिलाफ निगरानी बढ़ाई गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

Related Articles