State

पारंपरिक रंग में सजी महिलाओं ने बिखेरी उल्लास की छटा, दामिनी की आवाज ने मनाया हरियाली तीज उत्सव

नृत्य प्रतियोगिता में परिणीता राजपूत विजेता, नेहा बनीं हरियाली तीज क्वीन

भोपाल। दामिनी की आवाज सामाजिक संस्था की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी हरियाली तीज उत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-संवरकर हिस्सा लिया। आयोजन स्थल को झूलों और हरियाली थीम से सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में तीज पर्व की पारंपरिक रंगत नजर आई।

कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नृत्य प्रतियोगिता और हरियाली तीज क्वीन प्रतियोगिता आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। महिलाओं ने दोनों प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया। नृत्य प्रतियोगिता में परिणीता राजपूत विजेता रहीं, जबकि नेहा ने हरियाली तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया।

लोकगीत और नृत्य ने बांधा समां

हरियाली तीज उत्सव के दौरान महिलाओं ने लोकगीतों, नृत्य और पारंपरिक गतिविधियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और तीज की परंपराओं को जीवंत किया। कार्यक्रम में महिलाओं के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारे और मिल-जुलकर पर्व मनाने की भावना भी देखने को मिली।

आयोजन को सफल बनाने में श्रीमती अनीता आर्य के साथ पारुल शर्मा, शुभ्रा गौतम, रेखा मोदी, रंजना भारती, पूजा दुबे और आरती श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा। संस्था की ओर से कार्यक्रम में शामिल अतिथियों और प्रतिभागियों का सम्मान भी किया गया।

संस्था की ओर से कहा गया कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उन्हें एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने का अवसर देते हैं। साथ ही ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने में भी सहायक होते हैं।

हरियाली तीज उत्सव में पारंपरिक संस्कृति, महिला उत्साह और आपसी सौहार्द का संदेश देखने को मिला।

Related Articles