State

पश्चिम मध्य रेल का नया तकनीकी नवाचार, एयर ड्रायर की सुरक्षा के लिए बनाई सेफ्टी प्लेट

178 लोकोमोटिव में लागू हुआ बदलाव, अनुरक्षण समय और लागत घटने के साथ परिचालन विश्वसनीयता में सुधार

भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के विद्युत विभाग ने लोकोमोटिव की सुरक्षा और परिचालन विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए एक नया तकनीकी समाधान विकसित किया है। विभाग ने लोकोमोटिव में लगे एयर ड्रायर की सुरक्षा के लिए विशेष सेफ्टी प्लेट तैयार की है। यह प्लेट अब तक 178 लोकोमोटिव में सफलतापूर्वक लगाई जा चुकी है।

इस तकनीकी बदलाव से एयर ड्रायर और उससे जुड़े महत्वपूर्ण उपकरणों को बाहरी आघात से सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, अनुरक्षण में लगने वाले समय और लागत को कम करने तथा लोकोमोटिव की उपलब्धता बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।

पशु टकराने से होती थी एयर ड्रायर को नुकसान की समस्या

लोकोमोटिव के कैब-1 के अंडरफ्रेम पर एयर ड्रायर लगाया जाता है। पशु के टकराने या किसी अन्य बाहरी आघात की स्थिति में कई बार एयर ड्रायर अपने निर्धारित सहारे से अलग होकर नीचे लटक जाता था।

ऐसी स्थिति में पर्ज वाल्व, विद्युत लीड और न्यूमेटिक पाइपलाइन जैसे महत्वपूर्ण हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा रहता था। नुकसान होने पर एयर ड्रायर को अलग कर मरम्मत करनी पड़ती थी। इससे लोकोमोटिव की न्यूमेटिक प्रणाली प्रभावित होने के साथ अनुरक्षण का समय और लागत भी बढ़ती थी।

410×420 मिलीमीटर की सेफ्टी प्लेट तैयार

इस समस्या के समाधान के लिए पश्चिम मध्य रेल के विद्युत विभाग के इंजीनियरों ने 410×420 मिलीमीटर आकार की विशेष सेफ्टी प्लेट विकसित की है। इसे कैटल गार्ड पर वेल्ड कर एयर ड्रायर असेंबली को अतिरिक्त सहारा और सुरक्षा दी गई है।

बाहरी आघात की स्थिति में यह प्लेट एयर ड्रायर को अतिरिक्त सपोर्ट देती है। इससे उससे जुड़े महत्वपूर्ण हिस्सों को नुकसान से बचाने में मदद मिलती है।

178 लोकोमोटिव में लागू हुआ बदलाव

पश्चिम मध्य रेल के अनुसार, यह तकनीकी संशोधन अब तक 178 लोकोमोटिव में सफलतापूर्वक लागू किया जा चुका है। इसके परिणामस्वरूप अनुरक्षण में लगने वाले समय और खर्च में कमी आने के साथ लोकोमोटिव की उपलब्धता तथा परिचालन विश्वसनीयता में सुधार हुआ है।

इस नवाचार की खास बात यह है कि अपेक्षाकृत छोटे और सरल संरचनात्मक बदलाव के जरिए लोकोमोटिव की एक महत्वपूर्ण तकनीकी समस्या का समाधान किया गया है।

सुरक्षित और विश्वसनीय रेल परिचालन की दिशा में कदम

पश्चिम मध्य रेल लगातार रेल परिचालन को सुरक्षित, विश्वसनीय और अधिक दक्ष बनाने के लिए तकनीकी सुधारों और विभागीय नवाचारों को बढ़ावा दे रहा है। एयर ड्रायर की सुरक्षा के लिए विकसित यह सेफ्टी प्लेट इसी दिशा में किया गया एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

यह तकनीकी बदलाव कम लागत में बेहतर सुरक्षा, कम अनुरक्षण और लोकोमोटिव की अधिक उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में उपयोगी साबित हो रहा है। पश्चिम मध्य रेल का यह प्रयास ‘छोटा तकनीकी सुधार, बड़ा परिचालन लाभ’ की अवधारणा का उदाहरण है।

Related Articles