पश्चिम मध्य रेल को मिली ओवरऑल एफिशियंसी और बिक्री प्रबंधन शील्ड, रेल मंत्री ने किया सम्मानित

अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025

भोपाल | भारतीय रेल के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 समारोह में पश्चिम मध्य रेल (WCR) ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार 09 जनवरी 2026 को इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (यशोभूमि), द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित भव्य कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेल को ओवरऑल दक्षता शील्ड (पंडित गोविन्द बल्लभ पंत शील्ड) तथा बिक्री प्रबंधन शील्ड से सम्मानित किया।

इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक  शोभना बंदोपाध्याय एवं अपर महाप्रबंधक प्रमोद कुमार खत्री ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत शील्ड ग्रहण की। वहीं बिक्री प्रबंधन शील्ड महाप्रबंधक  शोभना बंदोपाध्याय एवं प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक मनोज कुमार गुप्ता ने प्राप्त की।

व्यक्तिगत श्रेणी में भी पश्चिम मध्य रेल को सम्मान

व्यक्तिगत उपलब्धियों की श्रेणी में पश्चिम मध्य रेल के  पियूष शर्मा, सीनियर सेक्शन इंजीनियर को उनके उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य के लिए अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया, जो रेल कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता और समर्पण को दर्शाता है।

इन उपलब्धियों के कारण मिला सम्मान

पश्चिम मध्य रेल को यह सम्मान पिछले एक दशक में निरंतर और प्रभावी कार्यों के कारण प्राप्त हुआ है। इनमें प्रमुख रूप से पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) में निरंतर वृद्धि और प्रभावी उपयोग स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच 4.0’ का कोटा मंडल में देश में पहली बार सफल कमीशनिंग कटनी में भारतीय रेल का सबसे लंबा ग्रेड सेपरेटर (अप ग्रेड सेपरेटर) का निर्माण, वंदे भारत ट्रेनों के स्पीड ट्रायल (कोटा मंडल), नई रेल लाइनों का निर्माण, दोहरीकरण/तिहरीकरण, रेल फ्लाईओवर, स्क्रैप बिक्री, यात्री सुविधाओं का विस्तार, परिचालन सुधार, संरक्षा, सुरक्षा, तकनीकी नवाचार, डिजिटल तकनीक का उपयोग, स्टेशन पुनर्विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पहल और अधोसंरचनात्मक निर्माण इन प्रयासों के माध्यम से पश्चिम मध्य रेल ने भारतीय रेल की विभिन्न श्रेणियों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है।

100 रेलकर्मी और 26 शील्ड से सम्मान

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेल द्वारा प्रत्येक वर्ष उत्कृष्ट कार्यों के लिए रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इस वर्ष 100 रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, साथ ही विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली क्षेत्रीय रेलों को कुल 26 शील्ड प्रदान की गईं। पश्चिम मध्य रेल की यह उपलब्धि न केवल संगठन की दक्षता, नवाचार और प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर भी है।

Exit mobile version