State

फैक्ट्री एक्ट और श्रमिक कानूनों के उल्लंघन का आरोप, वेस्ट सेंट्रल मजदूर संघ ने उठाई कार्रवाई की मांग

भोपाल / कटनी। सडिएका कारखाने की कारपेंटरी शॉप में फैक्ट्री एक्ट एवं श्रमिक कानूनों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। वेस्ट सेंट्रल मजदूर संघ को मिली शिकायत के अनुसार, शॉप इंचार्ज द्वारा श्रमिकों को उनके निर्धारित अधिकारों से वंचित कर शोषण किया जा रहा है।

शिकायत के मुताबिक, कारपेंटरी शॉप में कार्यरत कर्मचारियों को न तो नियमानुसार साप्ताहिक अवकाश दिया जा रहा है और न ही उनके कार्य घंटे का उचित रिकॉर्ड बनाए जा रहा है। दिनांक 04 मई 2025 एवं 11 मई 2025 को लगातार दो रविवार कर्मचारियों को बिना विश्राम कार्य पर लगाया गया। बताया गया है कि पिछले 15 दिनों से निरंतर ड्यूटी करवाई जा रही है, लेकिन इसका कोई कंपनसेटरी रेस्ट (CR) नहीं दिया गया है।

इसके अतिरिक्त, श्रमिकों को DAR कार्रवाई की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे वे भय के माहौल में कार्य करने को मजबूर हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उन्हें आर्थिक और शारीरिक शोषण का शिकार बनाया जा रहा है। अटेंडेंस मास्टर और बायोमेट्रिक पंचिंग मशीन में भी इस बात के रिकॉर्ड दर्ज हैं कि कर्मचारियों ने लगातार कार्य किया है।

वेस्ट सेंट्रल मजदूर संघ ने इस गंभीर मामले को लेकर प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की है। संघ का कहना है कि फैक्ट्री अधिनियम का उल्लंघन करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कर्मचारियों का शोषण रोका जा सके।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस मुद्दे पर कार्रवाई नहीं हुई, तो इससे औद्योगिक अशांति फैल सकती है, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

यह मामला न केवल कर्मचारियों के मूलभूत अधिकारों के हनन का प्रतीक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कैसे कुछ जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारी श्रमिक कानूनों की अनदेखी कर रहे हैं।

Related Articles