State

पूर्व अधिकारियों और पूर्व मंत्रियों के आवास से कर्मचारी वापस बुलाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

भोपाल। मत्स्य महासंघ, हाउसिंग बोर्ड और अन्य निगम-मंडलों के कर्मचारियों को पूर्व आईएएस अधिकारियों और पूर्व मंत्रियों के आवास से वापस बुलाने की मांग उठी है। सेमी गर्वमेंट एम्प्लाइज फेडरेशन के संयोजक अनिल बाजपेई और अर्द्धशासकीय अधिकारी-कर्मचारी सार्वजनिक उपक्रम संघ के प्रांताध्यक्ष अरुण वर्मा ने इस मामले में नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि मत्स्य महासंघ, हाउसिंग बोर्ड और कई निगम-मंडलों में सीधी भर्ती नहीं होने तथा बड़ी संख्या में कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से पहले ही कर्मचारियों की कमी है। इसके बावजूद कई कर्मचारी पूर्व आईएएस अधिकारियों और पूर्व मंत्रियों के आवास पर काम कर रहे हैं।

निगम-मंडलों पर वेतन भुगतान का आरोप

अनिल बाजपेई और अरुण वर्मा का आरोप है कि कई अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं और कई राजनेता अब पूर्व मंत्री हैं, इसके बावजूद उनके आवास पर काम कर रहे कर्मचारियों को संबंधित निगम-मंडलों में वापस नहीं बुलाया गया है। इन कर्मचारियों के वेतन का भुगतान भी संबंधित निगम-मंडलों द्वारा किया जा रहा है।

कर्मचारी नेताओं ने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि एक ओर निगम-मंडलों में स्टाफ की कमी है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों की सेवाएं अन्य स्थानों पर ली जा रही हैं। उन्होंने संबंधित प्रशासन से कर्मचारियों की स्थिति की समीक्षा कर उन्हें मूल विभाग में वापस बुलाने की मांग की है।

मांग पूरी नहीं हुई तो होगा प्रदर्शन

कर्मचारी नेताओं ने मत्स्य महासंघ, हाउसिंग बोर्ड और अन्य निगम-मंडल प्रशासन से मांग की है कि पूर्व अधिकारियों और पूर्व मंत्रियों के आवास पर कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल वापस बुलाया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को वापस नहीं बुलाया गया तो संगठन की ओर से धरना-प्रदर्शन और संबंधित कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे निगम-मंडलों में उपलब्ध मानव संसाधन का उपयोग विभागीय कामकाज के लिए किया जाना चाहिए।

Related Articles