State

मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना से ग्रामीणों को मिल रहा संपत्ति का कानूनी अधिकार

प्रदेश में 28.09 लाख भूखंडों की रजिस्ट्री पूरी, बैरसिया के कीटखेड़ी गांव में शत-प्रतिशत काम

भोपाल। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत प्रदेश में अब तक 28 लाख 9 हजार 253 आबादी भूखंडों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। यह कुल 49 लाख 55 हजार 979 लक्षित भूखंडों का 56.7 प्रतिशत है। प्रमुख राजस्व आयुक्त एवं आयुक्त भू-अभिलेख निधि निवेदिता ने शुक्रवार को बैरसिया तहसील के दौरे के दौरान यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि योजना से ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति का कानूनी अधिकार मिल रहा है। रजिस्ट्री होने से संपत्ति का स्वामित्व प्रमाणित होगा और ग्रामीण बैंक ऋण सहित अन्य वित्तीय सुविधाओं का लाभ आसानी से ले सकेंगे। इससे उनकी आर्थिक सुरक्षा भी मजबूत होगी।

भोपाल जिले में कुल 42 हजार 199 आबादी भूखंडों में से 22 हजार 550 की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। बैरसिया तहसील में सबसे अधिक 12 हजार 771 रजिस्ट्रियां हुई हैं। यहां कुल 23 हजार 540 भूखंडों में से 54.2 प्रतिशत का काम पूरा हो चुका है। बैरसिया के कीटखेड़ी गांव में सभी पात्र भूखंडों की रजिस्ट्री पूरी कर ली गई है।

दौरे के दौरान निवेदिता ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा तथा सीमांकन के प्रकरणों का नियमानुसार और समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शासन जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। राजस्व सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

Related Articles