वल्लभ भवन ने स्वेच्छा से कराया बल्क वेस्ट जनरेटर के रूप में पंजीयन

भोपाल, 13 अगस्त । ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत भोपाल नगर निगम द्वारा कचरा प्रबंधन को लेकर लगातार जागरूकता और कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत वल्लभ भवन परिसर ने गुरुवार को स्वेच्छा से बल्क वेस्ट जनरेटर के रूप में अपना पंजीयन कराया।

नगर निगम प्रशासन बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आने वाले शासकीय, अशासकीय संस्थानों और बड़े परिसरों के प्रबंधकों को पंजीयन कराने के लिए प्रेरित कर रहा है। निगम अधिकारियों की समझाइश के बाद वल्लभ भवन जैसे बड़े सरकारी परिसर का स्वेच्छा से पंजीयन कराना इसी प्रयास का परिणाम माना जा रहा है।

पर्यावास भवन में भी हुई थी कार्रवाई

निगम के अनुसार हाल ही में पर्यावास भवन परिसर में कचरा प्रबंधन से जुड़े हाउसकीपिंग एजेंसी के खिलाफ स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई थी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को बल्क वेस्ट जनरेटर के रूप में पंजीयन कराने की समझाइश दी गई थी।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने समेत अन्य कार्रवाई भी की जा रही है।

सीपीसीबी पोर्टल पर कराएं पंजीयन

नगर निगम ने बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय संस्थानों और अन्य बड़े परिसरों के प्रबंधकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के पोर्टल पर अपना पंजीयन कराएं।

निगम का कहना है कि निर्धारित नियमों के अनुसार पंजीयन और कचरा प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने से संस्थान कार्रवाई से बच सकेंगे और शहर में बेहतर कचरा प्रबंधन व्यवस्था बनाने में भी सहयोग मिलेगा।

Exit mobile version