
विदिशा, सांची और दीवानगंज स्टेशनों पर यात्रियों को मिली नई रेल सुविधा
भोपाल | यात्रियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय द्वारा मध्यप्रदेश के विदिशा, सांची एवं दीवानगंज रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के प्रायोगिक ठहराव की सुविधा प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण पहल का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 28 दिसंबर को विदिशा रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में किया।
विदिशा स्टेशन पर ट्रेनों का नया ठहराव
विदिशा रेलवे स्टेशन पर निम्न ट्रेनों को प्रायोगिक ठहराव की सुविधा दी गई है—
1. गाड़ी संख्या 12629 यशवंतपुर–नई दिल्ली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस
आगमन: 00:45 बजे | प्रस्थान: 00:47 बजे
ठहराव प्रभावी: 01 जनवरी 2026 से
2. गाड़ी संख्या 12630 नई दिल्ली–यशवंतपुर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस
आगमन: 17:28 बजे | प्रस्थान: 17:30 बजे
ठहराव प्रभावी: 31 दिसंबर 2025 से
सांची स्टेशन को मिली नई सौगात
सांची स्टेशन पर भी दो महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया गया—
3. गाड़ी संख्या 16031 चेन्नई–श्री वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस
आगमन: 09:38 बजे | प्रस्थान: 09:40 बजे
ठहराव प्रभावी: 29 दिसंबर 2025 से
4. गाड़ी संख्या 16032 श्री वैष्णो देवी कटरा–चेन्नई एक्सप्रेस
आगमन: 01:18 बजे | प्रस्थान: 01:20 बजे
ठहराव प्रभावी: 29 दिसंबर 2025 से
दीवानगंज स्टेशन पर भी बढ़ा रेल संपर्क
दीवानगंज स्टेशन को भी रेल मंत्रालय ने नई सुविधा दी है—
5. गाड़ी संख्या 18236 बिलासपुर–भोपाल एक्सप्रेस
आगमन: 14:55 बजे | प्रस्थान: 14:57 बजे
6. गाड़ी संख्या 18235 भोपाल–बिलासपुर एक्सप्रेस
आगमन: 10:40 बजे | प्रस्थान: 10:42 बजे
इन दोनों ट्रेनों का ठहराव 29 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हो गया है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
शुभारंभ अवसर पर विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, कुरवाई विधायक श्री हरि सिंह सप्रे एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति राकेश शर्मा की विशेष उपस्थिति रही।
रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा, समय की बचत और बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।
यात्रियों में दिखा उत्साह
शुभारंभ के अवसर पर विदिशा रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन द्वारा विशेष तैयारियां की गई थीं। बड़ी संख्या में उपस्थित यात्रियों और स्थानीय नागरिकों में इस नई सुविधा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों ने रेल मंत्रालय और रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।





