State

भोपाल में लाल बस में जेबकटी करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, छुरी बरामद

भोपाल। मंगलवारा थाना पुलिस ने लाल बस में जेबकटी करने वाले दो कथित शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से धारदार लोहे की छुरी बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने 30 जुलाई को लाल बस में एक यात्री की जेब से 20 हजार रुपये चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम भी बरामद करने का दावा किया है।

बस चेकिंग के दौरान पकड़े गए

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को डबल फाटक के पास लाल बसों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। उनकी पहचान नासिर उर्फ आरिफ (40) और आजाद उर्फ गज्जू (36) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आजाद के पास से लोहे की धारदार छुरी मिली। पुलिस ने छुरी जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

20 हजार की जेबकटी का खुलासा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 30 जुलाई 2026 को लाल बस में एक व्यक्ति की जेब से 20 हजार रुपये चोरी करने की बात कबूल की। आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी की रकम बरामद करने का दावा किया है।

आजाद पर 10 साल पुराने दो स्थाई वारंट

पुलिस ने बताया कि आजाद उर्फ गज्जू के खिलाफ थाना एमपी नगर और मंगलवारा थाने में करीब 10-10 साल पुराने दो स्थाई वारंट भी लंबित थे। उसे इन वारंटों में भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, आजाद के खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में 11 अपराध, जबकि नासिर उर्फ आरिफ के खिलाफ 30 से अधिक अपराध दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में मंगलवारा थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सोनी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

Related Articles