State

पश्चिम मध्य रेल भोपाल मंडल में दो दिवसीय हिंदी कार्यशाला संपन्न, कर्मचारियों को राजभाषा नियमों व यूनिकोड का प्रशिक्षण

भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में राजभाषा विभाग द्वारा 6 और 7 जुलाई 2026 को दो दिवसीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी अभिराम खरे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में विभिन्न विभागों के 20 कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों को राजभाषा नियमों, अधिनियमों, पुरस्कार योजनाओं तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी और व्यावहारिक उपयोग के लिए प्रशिक्षित करना था। प्रतिभागियों को प्रशासनिक शब्दावली और कंप्यूटर पर यूनिकोड के माध्यम से हिंदी में कार्य करने की तकनीक की भी जानकारी दी गई।

पहले दिन पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय, जबलपुर के वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी संतराम मरस्कोले ने राजभाषा नियमों और अधिनियमों पर व्याख्यान दिया, जबकि वरिष्ठ अनुवादक बिपुल मंडल ने यूनिकोड आधारित हिंदी टाइपिंग और कंप्यूटर पर हिंदी कार्य प्रणाली की जानकारी दी।

दूसरे दिन भोपाल मंडल के राजभाषा अधिकारी बृजेंद्र कुमार और वरिष्ठ अनुवादक दीपक पाटिल ने राजभाषा कार्यान्वयन, कार्यालयीन हिंदी के प्रभावी उपयोग और अन्य राजभाषा विषयों पर कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग का संकल्प लिया।

Related Articles