भोपाल: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए निगम आयुक्त हरेंद्र नारायन ने विभिन्न विसर्जन घाटों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रानी कमलापति विसर्जन घाट पर तैनात सहायक यंत्री अनिल साहनी और खटलापुरा विसर्जन घाट पर तैनात सहायक यंत्री गौरव परमार ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिसके बाद निगम आयुक्त ने दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
आयुक्त नारायन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विसर्जन घाटों की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों और अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सख्त निगरानी के निर्देश
निगम आयुक्त ने दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विसर्जन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली और कार्य समाप्ति तक समर्पित रूप से ड्यूटी निभाने की हिदायत दी।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
आयुक्त ने कहा कि विसर्जन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और भविष्य में गैरहाजिर पाए जाने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल: विसर्जन घाटों से अनुपस्थित पाए गए दो सहायक यंत्री निलंबित, निगम आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
