16 अक्टूबर तक अलग-अलग चरणों में चलेगा काम, यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के बीना स्टेशन यार्ड में आगासौद-बीना तीसरी रेल लाइन को बीना स्टेशन से जोड़ने के लिए यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जा रहा है। इसके चलते सितंबर और अक्टूबर 2026 में बड़ी संख्या में ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। कई ट्रेनें रद्द रहेंगी, कुछ का मार्ग बदला जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों का प्रारंभ और समापन दूसरे स्टेशनों से किया जाएगा।
रेल प्रशासन के अनुसार यार्ड रीमॉडलिंग का काम तीन चरणों में होगा। प्री-नॉन इंटरलॉकिंग से पहले का चरण 14 से 31 अगस्त, प्री-नॉन इंटरलॉकिंग 1 सितंबर से 12 अक्टूबर और नॉन इंटरलॉकिंग 13 से 15 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है।
भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी समेत कई ट्रेनें रद्द
काम के दौरान 12197 भोपाल-ग्वालियर और 12198 ग्वालियर-भोपाल ट्रेन 1 से 15 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। इसके अलावा ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु, बीना-ललितपुर, बीना-रूठियाई, बीना-कटनी मुड़वारा, भोपाल-दमोह और दमोह-भोपाल जैसी कई सेवाएं भी अलग-अलग तारीखों में निरस्त रहेंगी।
बीना यार्ड के काम के कारण कुल 16 ट्रेन सेवाओं को निर्धारित अवधि में रद्द किया गया है।
कई लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट बदले
निर्माण कार्य के चलते कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। इनमें अहमदाबाद-दरभंगा, दरभंगा-अहमदाबाद, अहमदाबाद-बलिया सिटी, वाराणसी-अहमदाबाद, गोरखपुर-ओखा, सूरत-मुजफ्फरपुर, इंदौर-हावड़ा, हावड़ा-इंदौर, रीवा-रानी कमलापति और रानी कमलापति-रीवा सहित कई ट्रेनें शामिल हैं।
कुछ ट्रेनों को गुना-ग्वालियर-इटावा-गोविंदपुरी मार्ग से, जबकि कुछ को मक्सी-रूठियाई-गुना-महादेवखेड़ी-मालखेड़ी मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं कुछ ट्रेनों को भोपाल-इटारसी-जबलपुर-कटनी होकर चलाया जाएगा।
कई ट्रेनों का प्रारंभ और समापन दूसरे स्टेशन से
यार्ड कार्य के दौरान कुछ ट्रेनों का बीना के बजाय दूसरे स्टेशनों से संचालन होगा। इनमें:
18236 बिलासपुर-भोपाल — मालखेड़ी पर यात्रा समाप्त होगी।
18235 भोपाल-बिलासपुर — मालखेड़ी से शुरू होगी।
11602 कटनी-बीना — खुरई पर समाप्त होगी।
11601 बीना-कटनी — खुरई से शुरू होगी।
11603 कोटा-बीना — महादेवखेड़ी पर समाप्त होगी।
61634 बीना-कोटा — महादेवखेड़ी से शुरू होगी।
61633 कोटा-बीना — मूंगावली पर समाप्त होगी।
11604 बीना-कोटा — मूंगावली से शुरू होगी।
भोपाल-बीना की कुछ सवारी सेवाएं मंडीबमौरा से शुरू या वहीं समाप्त होंगी।
बीना स्टेशन को बिना रुके पार करेंगी कुछ ट्रेनें
कुछ ट्रेनों को बीना स्टेशन पर रोके बिना फ्लाईओवर के माध्यम से गुजारा जाएगा। 51884 ग्वालियर-बीना और 51883 बीना-ग्वालियर जैसी सवारी ट्रेनों का संचालन मालखेड़ी तक किया जाएगा।
इसी तरह 19341 नागदा-बीना और 19342 बीना-नागदा सेवाओं को कटनी मुड़वारा तक विस्तारित किया जाएगा। ये ट्रेनें फ्लाईओवर के जरिए बीना स्टेशन को पार करेंगी।
कई ट्रेनों का बीना में ठहराव घटेगा
रीमॉडलिंग कार्य के दौरान परिचालन व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई ट्रेनों का बीना स्टेशन पर ठहराव समय अस्थायी रूप से कम किया गया है। कुछ ट्रेनों का ठहराव 10 मिनट से घटाकर 2 मिनट, जबकि कुछ का 5 मिनट से घटाकर 2 मिनट किया गया है।
इनमें डॉ. अंबेडकर नगर-प्रयागराज, प्रयागराज-डॉ. अंबेडकर नगर, गोरखपुर-पुणे, राजेंद्र नगर-इंदौर, पटना-इंदौर, लखनऊ जंक्शन-भोपाल, गांधीनगर कैपिटल-बनारस, कामाख्या-डॉ. अंबेडकर नगर, बरेली-इंदौर, जोधपुर-भोपाल, वाराणसी-इंदौर और इंदौर-वाराणसी समेत कई ट्रेनें शामिल हैं।
