State

कल्हार में दुखद हादसा: राज्यरानी एक्सप्रेस से कटकर दो रेल कर्मचारी की मौत

भोपाल। भोपाल मंडल के कल्हार (KAH) स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दमोह-भोपाल राज्यरानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर दो रेल कर्मचारियों की मौत हो गई। दोनों मृतक रेलकर्मी चाबीदार (कीमैन) थे और नियमित गश्त के दौरान यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान मनोज और हारून खान के रूप में हुई है।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं से रेलवे पर उठे सवाल

भोपाल मंडल में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे सुरक्षा उपायों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हाल के समय में मिसरोद, इटारसी और कोच फैक्ट्री में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। रेलवे कर्मचारियों का आरोप है कि मंडल में सुरक्षा उपायों की अनदेखी हो रही है और भोपाल मंडल दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है।

मृतक कर्मचारियों का परिचय

1. मनोज मूल रूप से छतरपुर के रहने वाले थे।
हाल ही में मंगनी हुई थी और जल्द ही शादी होने वाली थी। उनकी रेलवे भर्ती RRC के माध्यम से हुई थी।
2. हारून खान मूल रूप से झांसी के निवासी थे। 2028 में रिटायरमेंट होना था। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं।

रेल प्रशासन पर आरोप और कर्मचारियों का आक्रोश

रेलवे कर्मचारियों ने मंडल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मंडल अधिकारियों को डीआरएम और रेल मंत्रालय का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण हादसों के बावजूद सुधार के कोई ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे। कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि सुरक्षा मानकों की कमी और प्रशासनिक लापरवाही के कारण हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।

रेलवे कर्मचारियों की मांग

रेलवे कर्मचारियों ने मृतक परिवारों को आर्थिक मुआवजा और नौकरी देने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने मंडल में हो रही लापरवाहियों के खिलाफ रेल मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जाएं।

Related Articles