आज कोलार में लगेगा जनकल्याण शिविर, एक ही जगह होगा लोगों की समस्याओं का समाधान

भोपाल, 20 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार, 21 अगस्त को कोलार क्षेत्र में जनकल्याण शिविर लगाया जाएगा। शिविर में हुजूर विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम जोन क्रमांक 19 और वार्ड क्रमांक 81 के नागरिकों की समस्याओं और लंबित प्रकरणों का एक ही स्थान पर त्वरित समाधान किया जाएगा। शिविर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय, कोलार के परिसर में आयोजित होगा।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अभियान की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच की जाए और पात्र नागरिकों के प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
लंबित शिकायतों की सूची पहले तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को शिविर से पहले वार्ड क्षेत्र की लंबित शिकायतों और जनसमस्याओं की विभागवार सूची तैयार करने को कहा है। सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और जनसुनवाई में दर्ज मामलों के साथ मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का भी प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।
प्रशासन का लक्ष्य है कि अभियान के तहत अधिक से अधिक नागरिकों को मौके पर ही राहत मिले। इसके लिए विभागों को सेचुरेशन मोड में काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्व मामलों से लेकर सरकारी योजनाओं तक की सुविधा
शिविर में सीमांकन, नामांतरण और विभिन्न प्रमाण पत्रों से जुड़े राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा आयुष्मान भारत कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा होगी।
प्रशासन की ओर से वार्ड क्रमांक 81 के नागरिकों और हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित स्थान पर पहुंचकर शिविर में उपलब्ध सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लें। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी न हो।





