इटारसी होकर गुजरेंगी तीन स्पेशल ट्रेनें, प्रयागराज-बेंगलुरु के बीच भी मिलेगी सुविधा

दरभंगा-मैसूर एकतरफा ट्रेन 27 नवंबर को रवाना, दिसंबर में चलेंगी दो साप्ताहिक और दो-दो ट्रिप वाली ट्रेनें
भोपाल। छठ पूजा के बाद और दिसंबर में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने इटारसी सहित भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों से होकर स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें दरभंगा-मैसूर एकतरफा, सुबेदारगंज-एसएमवीटी बेंगलुरु साप्ताहिक और प्रयागराज-एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन शामिल हैं। प्रयागराज-बेंगलुरु ट्रेन का बीना, रानी कमलापति और इटारसी में ठहराव रहेगा।
दरभंगा-मैसूर एकतरफा स्पेशल
गाड़ी संख्या 05513 दरभंगा से 27 नवंबर को सुबह 4:20 बजे रवाना होगी। यह 28 नवंबर को इटारसी स्टेशन पर सुबह 3:10 बजे पहुंचेगी और 3:20 बजे रवाना होगी। ट्रेन रविवार को दोपहर 2:30 बजे मैसूर पहुंचेगी। इसमें कुल 19 कोच होंगे, जिनमें चार एसी द्वितीय श्रेणी, 13 एसी तृतीय श्रेणी और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
सुबेदारगंज-बेंगलुरु साप्ताहिक स्पेशल
गाड़ी संख्या 04171 सुबेदारगंज से 11, 18 और 25 दिसंबर को रात 9:20 बजे रवाना होगी। शनिवार को सुबह 8:10 बजे इटारसी पहुंचेगी और 8:20 बजे रवाना होगी। रविवार रात 9 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04172 बेंगलुरु से 14, 21 और 28 दिसंबर को सुबह 7 बजे चलेगी। इटारसी में दोपहर 3:25 बजे पहुंचकर 3:35 बजे रवाना होगी और बुधवार सुबह 4:30 बजे सुबेदारगंज पहुंचेगी। इस ट्रेन में 20 कोच होंगे।
प्रयागराज-बेंगलुरु के बीच दो-दो ट्रिप
गाड़ी संख्या 04151 प्रयागराज से 16 और 23 दिसंबर को शाम 6 बजे रवाना होगी। अगले दिन बीना में सुबह 7:25 बजे, रानी कमलापति में 9:30 बजे और इटारसी में 11 बजे पहुंचेगी। ट्रेन शनिवार सुबह 7 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04152 बेंगलुरु से 19 और 26 दिसंबर को सुबह 7 बजे रवाना होगी। इटारसी में दोपहर 12:35 बजे, रानी कमलापति में 2:15 बजे और बीना में शाम 4:45 बजे ठहराव के बाद सोमवार सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
इस ट्रेन के प्रमुख ठहरावों में नागपुर, बल्लारशाह, सिकंदराबाद, रायचूर, गुंटकल और येलहंका सहित कई स्टेशन शामिल हैं।





