State

एम्स भोपाल में गैर-संकाय कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण

भोपाल। एम्स भोपाल में गैर-संकाय कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तीन दिवसीय इन-हाउस प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कर्मचारियों को संस्थान की कार्यप्रणाली और कार्यालयीन कामकाज से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को केंद्रीय सिविल सेवा आचरण नियम, केंद्रीय सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम और अवकाश नियमों के बारे में बताया गया। इसके साथ ही ई-ऑफिस के उपयोग, सामान्य वित्तीय नियम और वित्तीय प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

कर्मचारियों को भंडार प्रबंधन और सामान की खरीद से जुड़ी प्रक्रियाओं का भी प्रशिक्षण दिया गया। अलग-अलग सत्र एम्स भोपाल के अनुभवी अधिकारियों ने लिए। इनमें प्रशासनिक अधिकारी-I ज्ञानेंद्र भूषण प्रसाद, प्रशासनिक अधिकारी-II अभिषेक चौबे, पैक्स प्रशासक स्वप्निल कर्णावत, लेखा अधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह और सहायक भंडार अधिकारी ओम प्रकाश शामिल रहे।

प्रशिक्षण के अंत में कर्मचारियों का अंतिम मूल्यांकन किया गया। इसके माध्यम से प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी और कर्मचारियों की समझ का आकलन किया गया।

एम्स भोपाल के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण से कर्मचारियों को अपने दायित्व बेहतर तरीके से निभाने में मदद मिलेगी। इससे प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही बढ़ेगी। साथ ही मरीजों, उनके परिजनों और आम नागरिकों को बेहतर एवं सुचारु सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

Related Articles