भोपाल: पिपलानी में चाकूबाजी के तीन आरोपी चंद घंटों में पकड़ाए, दो गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में

भोपाल। पिपलानी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकूबाजी की घटना में शामिल तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया। इनमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को किशोर न्याय अधिनियम के तहत अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त की रात फरियादी अरविंद सिंह (24) निवासी आनंद नगर अपने साथी शुभम विश्वकर्मा के साथ मीनाल मॉल से घर लौट रहे थे। रात करीब 12:30 बजे रत्नागिरी हनुमान मंदिर के सामने एक्टिवा सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से अरविंद सिंह पर हमला कर दिया, जिससे उनकी दाढ़ी के पास चोट आई। इसके बाद आरोपियों ने शुभम विश्वकर्मा पर भी चाकू से हमला किया, जिससे उसके मुंह और गले के नीचे चोट आई। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान राहगीरों के पहुंचने पर आरोपी अपनी एक्टिवा मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पिपलानी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
– विपिन साहू (23), निवासी भीमनगर, भोपाल
– अमन राठौर (19), निवासी भीमनगर, भोपाल
इसके अलावा मामले में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी चंद्रिका सिंह यादव के नेतृत्व में पिपलानी पुलिस टीम ने की।




