जनविश्वास शिविर में 30 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीण लाभान्वित, मौके पर सुनीं समस्याएं

भोपाल, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को बैरसिया विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुगालिया हाट में द्वितीय वृहद जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में फंदा विकासखंड की 30 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ली और अपनी समस्याओं व मांगों से जुड़े आवेदन अधिकारियों को दिए।

शिविर में शामिल होने के लिए संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, डीआईजी देहात राजेश सिंह चंदेल, एसपी देहात पंकज पांडे और जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी कलेक्ट्रेट से ई-बस से मुगालिया हाट पहुंचे। अधिकारियों ने ई-बस के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया।

स्कूल, आंगनवाड़ी और राशन दुकान का निरीक्षण

शिविर से पहले अधिकारियों ने मुगालिया हाट के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय, सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र, दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति और उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। स्कूल में स्वच्छता और मध्यान्ह भोजन, आंगनवाड़ी में पोषण व्यवस्था, दुग्ध संकलन और राशन वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई।

अधिकारियों ने क्षेत्र की नल-जल योजनाओं और पेयजल आपूर्ति की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि जनविश्वास अभियान जनता से सीधे संवाद और मौके पर समस्याओं के समाधान की अवधारणा को साकार कर रहा है। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।

उन्होंने बैरसिया क्षेत्र के सरकारी स्कूलों की अधोसंरचना मजबूत करने और कॉलेज की सुविधा बेहतर बनाने को प्राथमिकता बताया। आचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस चौकी की स्थापना, सोलर प्लांट और नल-जल योजना से हुए बदलावों का भी उल्लेख किया।

सरकारी स्कूलों में बनेंगे रीडिंग रूम

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से जुड़े मामलों का तय समय सीमा में निराकरण जरूरी है। उन्होंने ग्रामीण बालिकाओं की शिक्षा में बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए अभिभावकों से बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

कक्षा 12वीं में 92.4 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली छात्रा खुशबू ने पढ़ाई के लिए बेहतर अध्ययन स्थल की जरूरत बताई। इस पर संभागायुक्त ने सरकारी स्कूलों का शाम के समय रीडिंग रूम और पुस्तकालय के रूप में उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने की सलाह

डीआईजी देहात राजेश सिंह चंदेल ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अज्ञात वीडियो कॉल स्वीकार नहीं करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि जनविश्वास अभियान प्रशासन और आम नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। शिविरों के जरिए प्रशासन खुद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में काम कर रहा है।

हर शुक्रवार लगेंगे जनविश्वास शिविर

जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने बताया कि 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार जनविश्वास शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में ई-केवाईसी, बैंकिंग समस्याओं, डीबीटी, समग्र आईडी अपडेट और आधार पंजीयन के लिए विशेष स्टॉल लगाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में सरपंच धर्मेन्द्र मारण ने पंचायत की उपलब्धियों और स्थानीय जरूरतों की जानकारी दी। इस दौरान 3.5 लाख रुपये का कर संग्रह करने पर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित ‘टैक्स सखी’ सपना कुशवाहा की उपलब्धि की सराहना की गई। वहीं ‘उद्यम संवाद’ में आचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने निवेश और रोजगार सृजन से जुड़े अनुभव साझा किए।

Exit mobile version