
भ
ोपाल। महान गायक और अभिनेता स्वर्गीय किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) में संगीत और यादों से भरी शाम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय और मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘ये शाम मस्तानी’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में भोपाल स्कूल ऑफ सोशल साइंस (बीएसएसएस) के बैंड ने अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। बैंड ने ‘कोरा कागज था ये मन मेरा’, ‘पल पल दिल के पास’, ‘ओ मेरे दिल के चैन’, ‘प्यार हमें यह किस मोड़ पे ले आया’, ‘अरे दीवानों मुझे पहचानो’, ‘खाई के पान बनारस वाला’ और ‘सारा जमाना हसीनों का दीवाना’ सहित कई सदाबहार गीत प्रस्तुत किए। इन गीतों पर सभागार में मौजूद विद्यार्थी और शिक्षक झूम उठे और कई लोगों ने गीतों के साथ सुर भी मिलाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु श्री विजय मनोहर तिवारी ने किशोर कुमार के संगीत योगदान को याद करते हुए बैंड के कलाकारों की सराहना की। उन्होंने बैंड के सभी सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. पी. शशिकला, विभिन्न विभागाध्यक्ष, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन का संयोजन सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. उर्वशी परमार और श्री विवेक सावरीकर ने किया। यह संगीतमय शाम किशोर कुमार के अमर गीतों और उनकी यादों को समर्पित रही।
