विधायक भगवानदास सबनानी के मार्गदर्शन में 550 मेधावी छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का होगा सम्मान
भोपाल। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों का सम्मान करने के उद्देश्य से नवप्रयास सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास समिति द्वारा तीसरे ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन 12 जुलाई 2026 (रविवार) को शाम 4 बजे हंसध्वनि सभागार, रविन्द्र भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने बताया कि समारोह का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को सम्मान देकर नई पीढ़ी को प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि यह केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों, परिश्रम और उपलब्धियों को मंच प्रदान करने का एक सामाजिक अभियान है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन का भरपूर सहयोग एवं उत्साहजनक प्रतिसाद मिला। इसी प्रेरणा से इस वर्ष आयोजित तीसरे समारोह में लगभग 550 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 10वीं और 12वीं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा खेल, साहित्य, संगीत, नृत्य, चित्रकला, रंगमंच, विज्ञान, तकनीकी नवाचार, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।