डिप्टी डायरेक्टर के घर में घुसा चोर, नींद खुलने पर भाग गया, पुलिस ने पकड़ा

**भोपाल** । टीटी नगर थाना इलाके में आधी रात को एक बेखौफ बदमाश तुलसी नगर स्थित शासकीय बहुमंजिला इमारत में घुस गया। पास की बिल्डिंग की छत से होते हुए आरोपी टॉवर की तीसरी मंजिल पर पहुंचा और वहां एक डिप्टी डायरेक्टर के फ्लैट में घुसने का प्रयास किया। इसी बीच, डिप्टी डायरेक्टर की नींद खुलने पर बदमाश वहां से भाग गया। बाद में पुलिस ने चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को दबोच लिया।

थाना पुलिस के मुताबिक, जेपी अस्पताल के सामने शासकीय बहुमंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर रहने वाले करण सिंह सैनी पर्यावास भवन स्थित जलशक्ति मंत्रालय में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। बीती रात वे अपने फ्लैट में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे उन्हें किसी के फ्लैट में घुसने की आहट का अहसास हुआ। संदेह दूर करने के लिए जब वह उठे, तो कमरे में एक युवक नजर आया जो चोरी की नीयत से भीतर घुस आया था। सैनी ने मदद के लिए जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे घबराया बदमाश बालकनी की ओर से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। बताया गया है कि आरोपी युवक नरसिंहपुर जिले का रहने वाला है और यहां बरखेड़ा पठानी क्षेत्र में रहते हुए निजी नौकरी करता है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version