सुप्रीम कोर्ट ने पारदर्शिता की दिशा में उठाया बड़ा कदम, जजों की संपत्ति का विवरण किया सार्वजनिक, लेकिन 12 न्यायाधीश अब भी ‘चुप’

नई दिल्ली । भारत की सर्वोच्च न्यायालय ने पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने न्यायाधीशों की संपत्ति का विवरण सार्वजनिक करना शुरू कर दिया है। इस पहल में वर्तमान मुख्य न्यायाधीश (CJI) संजीव खन्ना सहित कई वरिष्ठ न्यायाधीशों ने अपनी चल-अचल संपत्ति की जानकारी उपलब्ध कराई है।

फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में 33 न्यायाधीश कार्यरत हैं, लेकिन इनमें से अभी तक केवल 21 न्यायाधीशों ने ही अपनी संपत्ति का ब्यौरा वेबसाइट पर साझा किया है। अब भी 12 जज ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक अपनी संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट प्रशासन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि, “जिन-जिन न्यायाधीशों से संपत्ति का विवरण प्राप्त हुआ है, वह सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। अन्य न्यायाधीशों से जैसे ही विवरण प्राप्त होंगे, उन्हें भी सार्वजनिक कर दिया जाएगा।”

मुख्य बिंदु:

CJI संजीव खन्ना सहित कई न्यायाधीशों ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक किया।

सुप्रीम कोर्ट के 33 में से 21 जजों की संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक हो चुकी है।

अभी भी 12 जजों की संपत्ति का विवरण प्रतीक्षित है।

‘आय से अधिक संपत्ति’ की जांच और पारदर्शिता की प्रक्रिया को बताया गया सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम।


न्यायपालिका के इस प्रयास को सामाजिक न्याय, पारदर्शिता, न्यायिक जवाबदेही और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में एक “मील का पत्थर” माना जा रहा है। इससे भविष्य में जजों की जवाबदेही और पब्लिक ट्रस्ट को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Exit mobile version