भोपाल, । राजधानी भोपाल में संगठित अपराध पर नकेल कसने की दिशा में एक और बड़ी सफलता टीला जमालपुरा पुलिस के हाथ लगी है। हत्या के प्रयास और फायरिंग जैसे गंभीर अपराधों में वांछित चल रहे कुख्यात अपराधी जुबेर मौलाना के करीबी गुर्गे शरीफ उर्फ बच्चा को पुलिस ने धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
कार्रवाई की पृष्ठभूमि:
6 मई 2025 को जुबेर मौलाना और उसके 10-12 साथियों ने मंगलवारा निवासी साद के घर पर पहुंचकर साद समझकर उसके रिश्तेदार सैफ पर अवैध हथियारों से जानलेवा हमला किया था। इसी रात इंद्रानगर क्षेत्र में साद के बहनोई फैसल के घर पर भी हवाई फायरिंग की गई। इन दोनों घटनाओं पर थाना मंगलवारा और थाना टीला जमालपुरा में संबंधित धाराओं के तहत गंभीर अपराध दर्ज किए गए थे।
मुखबिर से मिली सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई:
18 मई को पुलिस को सूचना मिली कि शरीफ उर्फ बच्चा बैरसिया बस स्टैंड पर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही टीला थाना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक धारदार तलवार बरामद की गई। उस पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा:
शरीफ उर्फ बच्चा पर अब तक 21 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, अवैध हथियार रखना, फायरिंग, मारपीट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट जैसे अपराध शामिल हैं। ये मामले भोपाल के विभिन्न थानों — अशोका गार्डन, एशबाग, टीटी नगर, मिसरोद, पिपलानी, कमलानगर, रातीबढ़ और मंगलवारा — में दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही सराहनीय भूमिका:
थाना प्रभारी टीला निरीक्षक डी.पी. सिंह, उप निरीक्षक बी.पी. विश्वकर्मा, सहायक उप निरीक्षक झागरिया झा, प्रधान आरक्षक मेघ खत्री, नरेश कुमार, वीरेन्द्र और आरक्षक अनिकेत, विशाल, अनिल ने इस गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भोपाल पुलिस का संदेश स्पष्ट:
संगठित अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के लिए भोपाल में कोई जगह नहीं। अपराधियों की धरपकड़ लगातार जारी रहेगी।
भोपाल में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुबेर मौलाना के गुर्गे ‘शरीफ उर्फ बच्चा’ को धारदार हथियार के साथ किया गिरफ्तार
