संस्कार रंग 4.0’ में आज होगा ‘राम कहानी’ नाटक का मंचन

एफटीएस भोपाल युवा के वार्षिक थिएटर कार्यक्रम में बच्चे भी दिखाएंगे अभिनय प्रतिभा
भोपाल। फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस) भोपाल युवा की ओर से शुक्रवार को वार्षिक थिएटर कार्यक्रम ‘संस्कार रंग 4.0’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मूल्यों पर आधारित नाटक ‘राम कहानी’ का मंचन होगा। कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से रवींद्र भवन परिसर स्थित अंजनि ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा।
एफटीएस के विशाल अजमेरा ने बताया कि नाटक में त्रिकृषि नाट्य समूह के कलाकारों के साथ संस्था के बच्चे भी अभिनय करेंगे। बच्चों को इसके लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। मंचन के जरिए श्रीराम के जीवन प्रसंगों के माध्यम से आदर्शों, संस्कारों और जीवन मूल्यों को प्रस्तुत किया जाएगा।
फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (वनबंधु परिषद) पिछले 37 वर्षों से एकल विद्यालय अभियान के माध्यम से दूरस्थ और वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और जागरूकता के क्षेत्र में काम कर रही है। संस्था का उद्देश्य वनवासी समाज के बच्चों को बुनियादी शिक्षा और संस्कार उपलब्ध कराने के साथ गांवों के समग्र विकास में योगदान देना है।





